प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के हजारीबाग जिले में एक बस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर दु:ख जताया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
कल शाम गिरिडीह से यात्रियों को ले जा रही एक बस के हजारीबाग-टाटीझरिया मार्ग पर सिवाने नदी में पुल से गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई और 45 से अधिक लोग घायल हो गए। हजारीबाग-बगोदर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 100 पर सिवाने नदी में बस पलट गई। सभी यात्री गिरिडीह से एक गुरुद्वारे के धार्मिक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने रांची जा रहे थे।
गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रिम्स में भेजा गया है।
हजारीबाग की उपायुक्त नैंसी सहाय ने आकाशवाणी को बताया कि सभी घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उपायुक्त ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।