एशियाई खेलों में, भारत ने नौवें दिन तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते, पदकों की संख्या बढ़कर 60 हुई

हांगचोओ एशियाई खेलों में आज भारत को तीन रजत और चार कांस्‍य पदक मिले हैं। इसके साथ ही भारत के कुल पदको की संख्‍या 60 हो गई है। एथेलेटिक्‍स में महिलाओं की लंबी कूद स्‍पर्धा में भारत की इडापल्‍ली एनसी सोजन ने रजत पदक जीता। महिलाओं की स्‍टीपल चेज स्‍पर्धा में पारूल चौधरी को रजत और प्रीति को कांस्‍य पदक मिला। चार गुणा चार सौ मीटर रिले मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में भी भारत सिल्‍वर मेडेल जीतने में सफल रहा। स्पीड स्केटिंग में आज भारतीय महिला और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता। टेबल टेनिस में भारत की सुतीर्था मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी ने महिला डबल्स का कांस्य पदक जीता।

पुरुष हॉकी में भारत ने बांग्लादेश को 12-0 से हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। महिला कबड्डी में भारत और चीनी ताइपे का मुकाबला 34-34 अंक की बराबरी पर समाप्‍त हुआ। बैडमिंटन के सिंगलस में किदाम्‍बी श्रीकांत और डबल्‍स में सा‍त्विक सांईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी अगले दौर में पहुंच गई है। मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में कृष्‍णा प्रसाद और तनीशा क्रैस्‍टो की जोड़ी महिला डबल्‍स के प्री क्‍वार्टर फाइनल में पंहुच गई है। 

एथेलि‍टिक्‍स में आज महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड में भारत की विथ्या रामराज ने 55 दशमलव चार दो सेकेंड के समय के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। इसी के साथ विथ्या  ने पीटी उषा के लॉस एंजलिस ओलिंपिक में बनाये गये राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

तीरंदाजी में भारतीय तीरंदाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी छह टीम स्पर्धाओं में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। महिला कंपाउंड टीम को क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहने के कारण क्वार्टर फाइनल तक बाय मिला। पदक तालिका में भारत 13 स्वर्ण, 24 रजत और 23 कांस्य पदकों के साथ कुल 60 पदक लेकर चौथे स्‍थान पर है। चीन पहले, जापान दूसरे और कोरिया तीसरे स्‍थान पर है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला