तीसरा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 14 और 15 सितंबर को पुणे में होगा। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की सचिव अंशुली आर्य ने आज पुणे में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। इस अवसर पर राजभाषा विभाग की संयुक्त सचिव मीनाक्षी जॉली उपस्थित थीं। सम्मेलन में हिंदी भाषा के विद्वान वक्ता और विद्वान भाग लेंगे। सम्मेलन में जिन विषयों पर चर्चा की जाएगी उनमें राजभाषा@2047: विकसित भारत का भाषाई पैनोरमा (कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित), हिंदी के विकास में मीडिया की भूमिका और भारतीय सिनेमा तथा हिंदी शामिल हैं।
सम्मेलन के दौरान तीन लाख 51 हजार शब्दों का शब्दकोष "हिंदी शब्दसिंधु" और एक ई-ऑफिस ऐप की शुरूआत की जाएगी। सुश्री आर्य ने बताया कि वर्तमान में विभिन्न मंत्रालयों की वेबसाइटों पर हिंदी एवं अन्य भाषाओं में जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि वेबसाइटों को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि जानकारी के लिए पहला विकल्प हिंदी भाषा में उपलब्ध होगा।