भारतीय जनता पार्टी ने आई.एन.डी.आई. की आलोचना करते हुए इसकी बैठक को हिन्दु विरोधी समन्वय समिति का जमावड़ा करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सनातन धर्म के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ जो कुछ भी कहा गया है वह गलती से किसी के मुंह से नहीं निकला है, बल्कि जानबूझ कर कहा गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले राम मंदिर के खिलाफ यह कहा गया था कि भगवान राम का अस्तित्व ही नहीं है और वह काल्पनिक हैं। श्री पात्रा ने कहा, आई.एन.डी.आई.ए. के एक प्रमुख सदस्य ने कहा है कि सभी 26 पार्टियों के बीच चाहे कितना भी मतभेद हो उनका अंतिम लक्ष्य सनातन धर्म को नष्ट करना है।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किसी अन्य धर्म के लिए किया गया होता तो आज पूरी दुनिया में हाहाकार मच गया होता। श्री पात्रा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। श्री पात्रा ने कहा कि आई.एन.डी.आई. एलायंस के सदस्यों के बीच सीट-बंटवारे को लेकर असहयोग दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि दरअसल, इनके बीच तालमेल से पहले ही मनमुटाव शुरू हो चुका है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी आज आई.एन.डी.आई. अलायंस की आलोचना की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चेहरे बदलने से रास्ता नहीं बदलता। मीडिया से बात करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि पिछली बार भी विपक्ष ने महागठबंधन बनाया था। उन्होंने कहा कि उनमें से कुछ जमानत पर बाहर हैं और कुछ जेल से वापस आये हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि जनता तो सब जानती है। श्री ठाकुर ने कहा कि कुछ लोगों का काम ही भ्रम फैलाना है। सच तो यह है कि भारत लोकतंत्र की जननी थी और रहेगी, लेकिन आज उभरते भारत की ताकत पूरी दुनिया देख रही है। श्री ठाकुर ने कहा कि जी20 की सफलता एक सामूहिक राष्ट्रीय विजय है, जो पक्षपातपूर्ण रेखाओं से ऊपर उठकर पूरे देश को लाभ पहुंचा रही है।