भारत 10 स्वर्ण, 14 रजत तथा 14 कांस्य पदक के साथ कुल 38 पदक लेकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर

चीन में हांगचोओ एशियाई खेलों में आज भारतीय पुरूष स्‍क्‍वॉश टीम ने पाकिस्‍तान को हराकर स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। वर्ष 2014 के बाद भारतीय टीम ने पहली बार एशियाई खेलों में यह पदक जीता है।

टेनिस में रोहन बोपन्ना और ऋतुजा भोसले की जोड़ी ने मिक्‍स्‍ड डबल्‍स का स्‍वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल में बोपन्‍ना और ऋतुजा ने चीनी ताइपे के लियांग एन-शुओ और हुआंग त्सुंग-हाओ को पराजित किया।

इससे पहले इन खेलों के सातवें दिन भारत को आज का पहला पदक निशानेबाजी में मिला। सरबजोत सिंह और दिव्या ने दस मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में देश को रजत पदक दिलाया।

दस हज़ार मीटर दौड में भारत को रजत और कांस्य दोनों पदक मिले हैं। भारत के कार्तिक कुमार ने रजत और गुलवीर सिंह ने कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक बहरीन ने जीता।

टेबल टेनिस में भारत की सुतीर्था मुखर्जी और अहिका मुखर्जी महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। सेमीफाइनल में सुतीर्था और अहिका ने चीन की जोड़ी को हराया। इस जीत के साथ भारत का एक और पदक सुनिश्चित हो गया है। 

गोल्फ में भारत की अदिति अशोक ने 11-अंडर 61 के शानदार स्कोर के साथ महिलाओं की व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर के बाद थाईलैंड की युबोल आर्किपाया पर सात स्ट्रोक की मज़बूत बढ़त हासिल कर ली है।

मुक्‍केबाज़ी में आज प्रीती ने 54 किलोग्राम और लवलीना बोरगोहाईं ने 75 किलोग्राम भारवर्ग में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही प्रीती ने पेरिस ओलंपिक का टिकट भी पक्‍का कर लिया है।

एथलेटिक्स में अजय कुमार सरोज और जिन्सन जॉनसन ने 1500 मीटर दौड़ के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

पुरुष हॉकी में आज भारत और पाकिस्तान मुकाबला जारी।

भारत 10 स्वर्ण, 14 रजत तथा 14 कांस्य पदक के साथ कुल 38 पदक लेकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला