आज भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 'भारत रत्न' पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देशभक्त, समाजसेवी और कुशल प्रशासक थे। श्री धामी ने कहा कि पंडित पंत ने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगार प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराने और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री व देश के गृहमंत्री रहते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री धामी ने कहा कि उनका संघर्षशील और प्रेरणादायी नेतृत्व देशवासियों के लिए सदा प्रेरणा देता रहेगा। उधर, अल्मोड़ा जिले में स्वर्गीय पंत की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। गौरतलब है कि स्वर्गीय पंत जी का जन्म 10 सितम्बर, 1887 को अल्मोड़ा ज़िले के खूंट नामक गाँव में ब्राह्मण परिवार में हुआ था। इस परिवार का सम्बन्ध कुमाऊँ की एक अत्यन्त प्राचीन और सम्मानित परम्परा से है।
neww | September 10, 2023 4:23 PM | DEHRADUN | Uttarakhand | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, कहा- भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही
