मेरी माटी मेरा देश अभियान का पहला चरण बड़ी जनभागीदारी से अभूतपूर्व रूप से सफल साबित हुआ है। अब तक 36 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में दो लाख 33 हजार से अधिक शिलाफलकम बनाए जा चुके हैं। लगभग 4 करोड़ पंच प्रण प्रतिज्ञा वाली सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड की जा चुकी हैं। देश भर में वीरों के लिए 2 लाख से अधिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। वसुधा वंदन थीम के तहत, 2 करोड़ 36 लाख से अधिक स्वदेशी पौधे लगाए गए हैं और 2 लाख 63 हजार अमृत वाटिकाएं बनाई गई हैं। अभियान के दूसरे चरण में अमृत कलश यात्राओं के लिये मिट्टी व चावल एकत्र किया जा रहा है। ये कलश राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए दिल्ली पहुंचेंगे।
अभियान के तहत प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी कलश यात्रा निकाली रही है। इसी क्रम में मुज़फ़्फ़रनगर के खतौली क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने जनसम्पर्क किया। वहीं रामपुर में शहर विधायक आकाश सक्सेना ने अमृत कलश में घर-घर जाकर मिट्टी और चावल एकत्र किए। उधर, मऊ और इटावा में नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में अमृत कलश यात्रा निकाल कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।