वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज दो दिन की सऊदी अरब यात्रा पर जाएंगे

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज दो दिन की सऊदी अरब यात्रा पर जाएंगे। वे सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अजीज बिन सलमान के साथ पहली मंत्रिस्तरीय आर्थिक और निवेश समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। आशा है कि दोनों मंत्री विभिन्‍न आर्थिक और निवेश समिति के संयुक्त कार्य समूहों के तहत हुई प्रगति पर चर्चा करेंगे। उम्मीद है कि दोनों पक्ष वेस्ट कोस्ट रिफाइनरी परियोजना, ट्रांस-ओशन ग्रिड कनेक्टिविटी, ग्रीन हाइड्रोजन, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और दवाईयों सहित कई प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और परियोजनाओं में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए कार्य योजना तैयार करेंगे। प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा फरवरी 2019 में अपनी भारत यात्रा के दौरान भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा पर प्रगति में तेजी लाने के लिए कार्य योजना का मसौदा भी तैयार करेंगे।

इस दौरान, श्री गोयल सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री डॉ. माजिद बिन अब्दुल्ला अलकासाबी से भी मिलेंगे। दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों के विस्तार पर व्यापक चर्चा की उम्मीद है।

हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि श्री गोयल की सऊदी अरब यात्रा दोनों देशों के बीच गतिशील और लगातार बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को और गति देगी। इससे सहयोग के नए क्षेत्रों का मार्ग प्रशस्त होगा, इससे वाणिज्यिक और व्यापारिक संबंध और सुदृढ़ होंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला