भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, जन्माष्टमी आज छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न भागों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जा रही है। वहीं, कई जगहों पर पालकी यात्रा भी निकाली जा रही है। इस मौके पर प्रदेश के कृष्ण मंदिरों में जन्मोत्सव के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मंदिरों और घरों में आज रात भगवान श्रीकृष्ण की विशेष रूप से पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। कान्हा को माखन-मिश्री के अलावा अन्य कई चीजों का भोग लगाया जाएगा।
इस बीच, राजधानी रायपुर में भी कृष्ण मंदिरों की विशेष साज-सज्जा की गई है। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। कान्हा के जन्म की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर श्रीकृष्ण के बाल गोपाल रूप का श्रृंगार कर विशेष पोशाक पहनाई जाएगी। राजधानी में टाटीबंध स्थित इस्काॅन मंदिर, समता काॅलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर और मठपारा स्थित दूधाधारी मठ में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। इधर, जगदलपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने शहर में शोभायात्रा निकाली। इस अवसर पर मटका फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों से भी जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।